Breaking News
अपडेट: दो क्रेन भी नहीं हटा सकीं घोरावल बाजार में फंसा 16 चक्का ट्रक, आवागमन बाधित     |     प्रतिबंधित कीटनाशी युक्त उत्पादों के विक्रय पर कृषि विभाग सख्त     |     इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य में अनियमितता का आरोप, ग्रामीणों में भारी आक्रोश     |     
Share on

  राजेश तिवारी की रिपोर्ट

• गुणवत्ता विहीन कार्य का आरोप लगाकर ग्रामीणों ने की जांच व मानक के अनुरूप निर्माण कराने की मांग

कोन(सोनभद्र)। विकास खंड कोन के जिला पंचायत क्षेत्र कचनरवा में इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य में भारी अनियमितता का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार जिला पंचायत मद से कामेश्वर जायसवाल के घर से पांडु नदी तक लगभग 300 मीटर इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित ठेकेदार की मिलीभगत से मानकों की अनदेखी कर गुणवत्ता विहीन कार्य कराया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

• बिना गिट्टी और बालू के लगाई जा रही ईंटें, जेई ने दिए पुनः कार्य कराने के निर्देश

ग्रामीण अजय जायसवाल एवं अन्य स्थानीय लोगों का आरोप है कि इंटरलॉकिंग निर्माण में सीमेंटेड ईंटें बिछाने से पूर्व मानक के अनुरूप न तो गिट्टी डाली जा रही है और न ही बालू का प्रयोग किया जा रहा है। इतना ही नहीं, साइड वॉल को भस्सी से जोड़ा जा रहा है, जो जनहित में उचित नहीं है। मौके पर मौजूद जेई प्रदीप यादव एवं स्थानीय लोगों की उपस्थिति में कार्य की गुणवत्ता की जांच की गई, जिसमें कार्य गुणवत्ता विहीन पाया गया। इस पर जेई ने संबंधित ठेकेदार को मानक के अनुरूप पुनः नए सिरे से कार्य कराने के निर्देश दिए। वहीं, स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी एवं अपर मुख्य अधिकारी (जिला पंचायत) का ध्यान आकृष्ट कराते हुए गुणवत्ता पूर्ण निर्माण कार्य सुनिश्चित कराने की मांग की है। इस मौके पर कामेश्वर जायसवाल, अजय जायसवाल, सुनील जायसवाल, विनय, संतोष जायसवाल एवं जगदीश शर्मा सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। इस संबंध में अपर मुख्य अधिकारी (जिला पंचायत) ने कहा कि मामले की जांच कर संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।





Top