SVG इण्डिया न्यूज रूम
घोरावल(सोनभद्र)। घोरावल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात पांच विशेषज्ञ चिकित्सकों के एक साथ स्थानांतरण के बाद क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल में लंबे समय से विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता के कारण मरीजों को बेहतर इलाज मिल रहा था, लेकिन हालिया तबादलों के बाद चिकित्सा व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। इस अस्पताल में घोरावल क्षेत्र के अलावा मिर्जापुर और मध्य प्रदेश की सीमा से सटे इलाकों के मरीज भी इलाज के लिए पहुंचते हैं।
• जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों ने शासन से शीघ्र नियुक्ति की मांग की
स्थानांतरित चिकित्सकों में जनरल फिजिशियन, स्त्री रोग, बाल रोग और हड्डी रोग विशेषज्ञ शामिल हैं। स्थानीय सामाजिक संगठनों, व्यापार मंडल पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने शासन का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए रिक्त पदों पर जल्द नए विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की मांग की है। उनका कहना है कि विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी का सीधा असर गरीब, ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों से आने वाले मरीजों पर पड़ेगा। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से शीघ्र व्यवस्था बहाल कर क्षेत्रवासियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की अपील की है।