रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। एनटीपीसी रिहंद के आवासीय परिसर स्थित तरंग प्रेक्षागृह में बालिका सशक्तीकरण अभियान "सपनों की उड़ान" का भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया। चार सप्ताह तक चले इस आवासीय कार्यक्रम के समापन अवसर पर कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख संजय असाटी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में किशोर कुमार होता, ई.पी. राव, नीलू असाटी, प्रज्ञा नायक, प्रणय कुमार नायक, प्रकाश, राजेश बोयपाई तथा डॉ. सी.एस. पीटर्स सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, अभिभावक और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और एनटीपीसी गीत के साथ हुआ, जबकि मानव संसाधन प्रमुख राजेश बोयपाई ने अभियान के दौरान आयोजित विभिन्न शैक्षणिक और रचनात्मक गतिविधियों की जानकारी दी।
• सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मंत्रमुग्ध हुए दर्शक, बालिकाओं को मिला सम्मान
समापन समारोह में प्रतिभागी बालिकाओं ने नृत्य, योग, स्किट, देशभक्ति गीतों और प्रेरक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि संजय असाटी ने बालिकाओं को आत्मविश्वास, शिक्षा और आत्मनिर्भरता के साथ आगे बढ़ने का संदेश देते हुए कहा कि यह कार्यशाला भले समाप्त हो रही है, लेकिन उनके सपनों की उड़ान अब शुरू हुई है। समारोह के अंत में सभी विशिष्ट अतिथियों का अभिनंदन किया गया तथा प्रतिभागी बालिकाओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उपहार और स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन एवं समापन सुजॉय मैत्रा के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।