सौरभ की रिपोर्ट
हाथीनाला(सोनभद्र)। हाथीनाला थाना क्षेत्र के भुतहिया पुलिया के पास एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। हादसा इतना भीषण था कि चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया, जबकि खलासी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सूचना पर हाथीनाला, पिपरी और रेणुकूट पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। चालक को बाहर निकालने के लिए गैस कटर और क्रेन की मदद ली गई। करीब चार घंटे चले रेस्क्यू अभियान के बाद चालक को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान प्रमोद कुमार (24) निवासी मिर्जापुर के रूप में हुई।
• स्थानीय लोगों ने फोरलेन निर्माण की उठाई मांग
रेस्क्यू अभियान में पुलिस के साथ स्थानीय समाजसेवी टीम निशा सिंह के सदस्यों ने भी सक्रिय सहयोग किया। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि भुतहिया पुलिया मार्ग पर लगातार हादसे हो रहे हैं, इसलिए इस मार्ग को शीघ्र फोरलेन बनाया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।