रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। श्रावण मास के शुभारंभ के साथ ही बीजपुर क्षेत्र से कांवड़ियों का पहला जत्था गुरुवार को बाबा वैद्यनाथ धाम, देवघर (झारखंड) के लिए श्रद्धाभाव के साथ रवाना हुआ। यात्रा शुरू होने से पहले श्रद्धालुओं ने स्थानीय दूधहिया माता मंदिर एवं बेड़िया हनुमान मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान का आशीर्वाद लिया और "बोल बम" के जयघोष के साथ अपनी यात्रा प्रारंभ की। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और परिजनों ने कांवड़ियों के सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।
• श्रावण मास में जलाभिषेक का विशेष धार्मिक महत्व
कांवड़ियों ने बताया कि वे सुल्तानगंज से उत्तरवाहिनी गंगा का पवित्र जल लेकर करीब 115 किलोमीटर की पैदल यात्रा तय करते हुए बाबा वैद्यनाथ धाम पहुंचेंगे, जहां भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। इसके बाद श्रद्धालु बाबा बासुकीनाथ धाम में भी जल चढ़ाकर पूजा-अर्चना करेंगे और परिवार की सुख-समृद्धि एवं मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना करेंगे। वर्षों से कांवड़ यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं का कहना है कि श्रावण मास में सच्ची श्रद्धा और भक्ति से की गई यह यात्रा विशेष पुण्यदायी मानी जाती है तथा बाबा भोलेनाथ अपने भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। श्रावण मास के दौरान बाबा वैद्यनाथ धाम, देवघर में देश के विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। सुल्तानगंज से देवघर तक पूरे कांवड़ मार्ग पर "बोल बम" और "हर-हर महादेव" के जयघोष से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहता है। बीजपुर से रवाना हुए प्रथम जत्थे में रविन्द्र पांडेय, धनंजय शर्मा, संजीत सोनी, विनय गुप्ता, यशपाल, अरविंद एवं नंद किशोर सहित अन्य श्रद्धालु शामिल रहे, जिन्हें क्षेत्रवासियों ने शुभकामनाओं के साथ बाबा धाम के लिए विदा किया।