मनीष कुमार संवाददाता
दुद्धी(सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र के बघाडू गांव में गुरुवार को शौच के लिए गए 50 वर्षीय जगदीश पुत्र स्व. रामदेव को घास में छिपे रसेल वाइपर सर्प ने डस लिया। घटना दोपहर करीब 12 बजे की बताई गई है। सर्पदंश के बाद परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय करीब चार से पांच घंटे तक घर पर झाड़-फूंक कराते रहे। हालत बिगड़ने और पैर में सूजन बढ़ने पर एम्बुलेंस की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
• चिकित्सक बोले- सर्पदंश में झाड़-फूंक नहीं, तुरंत अस्पताल पहुंचें
चिकित्सकों के अनुसार, समय पर अस्पताल न पहुंचने से उपचार में देरी हुई। 102 एम्बुलेंस के चालक हीरालाल मरीज को सुरक्षित सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉ. विनोद सिंह ने तत्काल प्राथमिक उपचार शुरू किया। चिकित्सक ने बताया कि देरी से अस्पताल पहुंचने के कारण घाव को ठीक होने में चार से पांच दिन लग सकते हैं। फिलहाल मरीज की स्थिति नियंत्रण में है और लगातार चिकित्सकीय निगरानी में उपचार किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय बिना समय गंवाए तत्काल अस्पताल पहुंचें।