रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। एनटीपीसी रिहंद आवासीय परिसर की होनहार छात्रा परी पाठक ने मिस टीन डीवा 2026 की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देशभर से शामिल 37 प्रतिभागियों के बीच अंडर-10 (टॉप-10) में स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि से रिहंद क्षेत्र के साथ-साथ पूरे प्रदेश का गौरव बढ़ा है। परी के पिता उमेश कुमार पाठक एनटीपीसी रिहंद के एमजीआर विभाग में उप महाप्रबंधक हैं, जबकि उनकी माता शालिनी पाठक गृहिणी हैं। प्रतियोगिता का आयोजन 11 से 19 जुलाई तक जयपुर स्थित जी स्टूडियोज में हुआ, जहां परी के परिवार ने लगातार उनका उत्साहवर्धन किया।
• मां का अधूरा सपना बेटी ने किया साकार, अब विश्वस्तरीय प्रतियोगिता पर नजर
परी ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी माता-पिता, दादा, मौसा, मासी और गुरुजनों को दिया। उन्होंने बताया कि उनकी मां का सपना था कि परिवार से कोई बेटी मिस टीन डीवा जैसे मंच पर पहुंचकर देश का नाम रोशन करे, जिसे उन्होंने पूरा किया। सेंट जोसेफ एनटीपीसी, रिहंद नगर की कक्षा 12 की छात्रा परी ने कहा कि अब उनका लक्ष्य विश्वस्तरीय प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करना है। उन्होंने बताया कि उन्हें डांस, एक्टिंग और बैडमिंटन में विशेष रुचि है तथा भविष्य में भी पूरी मेहनत, ईमानदारी और समर्पण के साथ देश, प्रदेश और परिवार का नाम रोशन करने का प्रयास करती रहेंगी।
.
.