रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में आयोजित जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में परिषदीय विद्यालयों की सुरक्षा, मूलभूत सुविधाओं और शैक्षिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि पहले चरण में जनपद के 200 परिषदीय विद्यालयों में सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तथा इसके बाद अन्य सरकारी विद्यालयों में भी इस व्यवस्था का विस्तार किया जाए। उन्होंने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में छात्राओं की पढ़ाई, भोजन और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
• स्वच्छता अभियान और टाइम-टेबल लागू करने के निर्देश
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने विद्यालयों में सप्ताह में एक दिन स्वच्छता अभियान चलाने तथा प्रत्येक विद्यालय में कक्षावार टाइम-टेबल प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। वहीं जिलाधिकारी ने विद्यालयों में डिजिटल उपस्थिति, निरीक्षण व्यवस्था और शैक्षिक गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी और आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।