रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी की उपस्थिति में आयोजित जिला अनुश्रवण समिति की बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनन्द पाण्डेय ने डिस्ट्रिक्ट एक्शन प्लान (डीएपी) जुलाई-2026 की विकास खंडवार रैंकिंग जारी की। जनपद के 2075 परिषदीय विद्यालयों के नामांकन, छात्र ट्रांजिशन, अधिगम क्षमता, डिजिटल छात्र उपस्थिति, स्मार्ट क्लास के उपयोग, मूल्यांकन तथा अन्य शैक्षणिक एवं प्रशासनिक संकेतकों के आधार पर तैयार रैंकिंग में कोन विकास खंड ने 65.39 प्रतिशत अंक प्राप्त कर लगातार तीसरी बार पहला स्थान हासिल किया। चोपन 61.59 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा, जबकि बभनी ने 60.71 प्रतिशत अंक प्राप्त कर आठवें स्थान से तीसरे स्थान पर पहुंचते हुए सबसे बड़ा सुधार दर्ज किया। इसके बाद क्रमशः घोरावल, रॉबर्ट्सगंज, दुद्धी, चतरा, नगवां, म्योरपुर और कर्मा विकास खंड का स्थान रहा।
• बेहतर प्रदर्शन वाले मॉडल को अन्य ब्लॉकों में अपनाने के निर्देश
बैठक में जिलाधिकारी ने अपेक्षाकृत कमजोर प्रदर्शन करने वाले विकास खंडों के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से विद्यालयों का नियमित अनुश्रवण, छात्र उपस्थिति बढ़ाने, अधिगम परिणामों में सुधार, डिजिटल मॉनिटरिंग को प्रभावी बनाने तथा निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विकास खंडों की कार्यप्रणाली और नवाचारों को अन्य ब्लॉकों में लागू करने तथा अच्छा कार्य करने वाले शिक्षकों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन के अनुसार यह मासिक रैंकिंग प्रणाली शिक्षा विभाग में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व बढ़ाने के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने में प्रभावी साबित हो रही है।