रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। एनटीपीसी रिहंद में 14 से 28 सितंबर तक आयोजित होने वाले हिन्दी दिवस एवं हिन्दी पखवाड़ा 2026 का शुभारंभ मंथन प्रेक्षागृह में कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख संजय असाटी ने किया। भारत सरकार के गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग एवं एनटीपीसी केंद्रीय कार्यालय के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित कार्यक्रम में परियोजना प्रमुख ने कहा कि हिन्दी केवल भाषा नहीं, बल्कि हमारी पहचान, संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि विद्युत उत्पादन के साथ कार्यालयीन कार्यों में अधिकतम हिन्दी के प्रयोग का संकल्प लेना आवश्यक है। परियोजना ‘क’ क्षेत्र में आने के कारण कार्यालयीन कार्य में हिन्दी को प्राथमिकता देने तथा आवश्यकतानुसार द्विभाषी पत्राचार अपनाने पर जोर दिया गया।
• हिन्दी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए होंगी विभिन्न प्रतियोगिताएं
कार्यक्रम के दौरान राजभाषा प्रतिज्ञा दिलाई गई तथा हिन्दी दिवस पर परियोजना प्रमुख का संदेश जारी किया गया। पखवाड़े के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों की जानकारी भी उपस्थितजनों को दी गई। संजय असाटी ने अधिकारियों, कर्मचारियों और रहवासियों से प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि जनमानस की भावना के अनुरूप संवाद विकसित कर हिन्दी को और समृद्ध बनाया जाना चाहिए। हिन्दी पखवाड़े का आयोजन परियोजना में हिन्दी के प्रति जागरूकता बढ़ाने और कार्य-संस्कृति में हिन्दी के प्रयोग को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।