वीरेंद्र कुमार संवाददाता
विंढमगंज(सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के घिवही गांव में रांची-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह करीब छह बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मवेशियों से लदी पांच पिकअप पकड़ीं। पुलिस ने सभी वाहनों को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया। थाना निरीक्षक रविकांत मिश्रा के अनुसार, वाहन चालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। वाहनों के आवश्यक कागजात उपलब्ध नहीं होने पर पांचों वाहनों को सीज करने की कार्रवाई की गई। पशु चिकित्सक रवि कुमार तरुण से मवेशियों का परीक्षण कराया गया, जिसमें पांचों वाहनों पर कुल 9 मवेशी दुधारू व गर्भवती तथा 7 बछड़े पाए गए। परीक्षण के बाद मवेशियों को उनके मालिकों को सौंप दिया गया।
• ग्रामीणों ने मार्ग पर लगातार निगरानी की उठाई मांग
कार्रवाई घिवही निवासी कमलेश यादव के घर के पास की गई। एक साथ पांच वाहनों के पकड़े जाने की सूचना फैलते ही पशुओं के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग से आए दिन मवेशियों से लदी पिकअप गुजरती हैं और पशुओं को झारखंड की ओर ले जाया जाता है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से पूरे मार्ग पर निगरानी बढ़ाने तथा संदिग्ध वाहनों की लगातार जांच कराने की मांग की है।