बीजपुर(सोनभद्र)। बीजपुर थाना क्षेत्र के रजमिलान गांव निवासी बाबूलाल अगरिया (20) पुत्र तेजबली अगरिया की दुद्धी में ट्रैक्टर हादसे में हुई मौत के बाद शुक्रवार को पोस्टमार्टम के पश्चात पुलिस ने शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। देर शाम शव ननिहाल रजमिलान पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी होने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जुट गए। बताया गया कि बुधवार को दुद्धी थाना क्षेत्र के डुमरडीहा पुल के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया था, जिसकी चपेट में आने से बाबूलाल की मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर शीतगृह में रखवा दिया था।
• नाना के घर रहकर दोनों भाई करते थे मजदूरी
परिजनों के अनुसार बाबूलाल के माता-पिता की करीब डेढ़ दशक पहले ही मौत हो चुकी थी। इसके बाद बड़ा भाई गोरेलाल और बाबूलाल अपने नाना रामदेव के घर रजमिलान में रहकर मजदूरी कर जीवनयापन करते थे। गुरुवार को गांव निवासी किशुन दास का ट्रैक्टर लेकर उनका पुत्र रामखेलावन दुद्धी गया था। उसके साथ गांव के सोना और बाबूलाल भी गए थे। वापस लौटते समय डुमरडीहा पुल के पास ट्रैक्टर पलटने से हादसा हुआ। मृतक के बड़े भाई गोरेलाल ने बताया कि परिजनों के देर से पहुंचने के कारण गुरुवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका था। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद अपराह्न में शव सौंपा गया। देर शाम रजमिलान स्थित ननिहाल में बाबूलाल का दाह संस्कार कर दिया गया।
रघुराज सिंह संवाददाता






