घोरावल(सोनभद्र)। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने तहसील घोरावल परिसर में स्थापित ईवीएम (EVM) एवं वीवीपैट (VVPAT) जागरूकता एवं प्रशिक्षण स्ट्रांग रूम का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और परिसर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता स्वयं परखी। उन्होंने कैमरों के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी सुनिश्चित करने तथा विद्युत आपूर्ति एवं बैकअप व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
• निर्वाचन आयोग के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने पर जोर
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी घोरावल, तहसीलदार एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि स्ट्रांग रूम की सुरक्षा एवं निगरानी में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा तैनात सुरक्षाकर्मी पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव






