यशस्वी कन्नौजिया संवाददाता
डाला(सोनभद्र)। नगर पंचायत डाला बाजार क्षेत्र स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट में बाहर से भारी मात्रा में कचरा मंगाकर उसके कथित अनियंत्रित निस्तारण और जलाने से नगर क्षेत्र में दुर्गंध व प्रदूषण फैलने का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष फुलवन्ती कुमारी समेत विभिन्न वार्डों के सभासदों ने जिलाधिकारी सोनभद्र को पत्र भेजकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। पत्र में आरोप लगाया गया है कि कचरा लेकर आने वाले वाहनों तथा प्लांट परिसर में कचरे के निस्तारण से निकल रही दुर्गंध के कारण लोगों को घरों में सामान्य रूप से सांस लेने में भी परेशानी हो रही है। इससे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने तथा सांस व संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ने की आशंका जताई गई है।
• आश्वासन के बाद भी समस्या बरकरार, नगरवासियों में नाराजगी
नगर पंचायत के अनुसार, गत 21 जून को कार्यालय में हुई बैठक में अल्ट्राटेक प्रबंधन ने प्रदूषण और दुर्गंध पर नियंत्रण का आश्वासन दिया था, लेकिन शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि इसके बाद भी कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया और स्थिति जस की तस बनी हुई है। मामले को जनस्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए फुलवन्ती कुमारी, अवनीश देव पांडेय, संतोष कुमार कुशवाहा, बलवीर कुमार, किशन कुमार और बिन्दू सिंह ने जिलाधिकारी से प्लांट प्रबंधन के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई कराने तथा नगरवासियों को दुर्गंध और प्रदूषण से स्थायी राहत दिलाने की मांग की है।
.