वीरेंद्र कुमार संवाददाता
विंढमगंज(सोनभद्र)। स्थानीय बाजार में गांधी पार्क के समीप सोमवार की रात अज्ञात चोरों ने कपड़ा व्यापारी मुकेश केसरी की दुकान को निशाना बनाया। चोर दुकान की टीन की छत काटकर गमछे की रस्सी के सहारे अंदर उतरे और गल्ले में रखी नकदी लेकर फरार हो गए। चोरों ने दुकान में रखे अन्य सामान को भी ले जाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। घटना की जानकारी मिलने के बाद बाजार के व्यापारियों में दहशत फैल गई। दुकानदारों ने आशंका जताई कि छत से नीचे उतरने के लिए चोरों ने किसी कम उम्र के बच्चे की मदद ली होगी। दुकानदार ने 112 नंबर पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू की।
• व्यापारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी
थाना निरीक्षक रविकांत मिश्रा ने बताया कि रात में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के साथ बैठक कर आपसी समन्वय से बाजार की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाएगी। व्यापार मंडल अध्यक्ष राकेश कुमार केसरी की अगुवाई में दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था लगाने को लेकर भी व्यापारियों से वार्ता की जाएगी। पुलिस ने चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने के लिए जांच शुरू कर दी है।