सोनभद्र। चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से जिले में मौसम का मिजाज बदल गया है। पिछले 24 घंटे से आसमान में बादल छाए रहने के बाद सुबह से हो रही बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। तापमान में बदलाव के साथ ठंड और गलन बढ़ने के आसार हैं। वहीं, बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में खड़ी धान की फसल के साथ कटकर खेतों और खलिहानों में रखी फसल पर भी संकट मंडराने लगा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 21 और 22 नवंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना है। 21 नवंबर को गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। हालांकि चक्रवाती तूफान अकवान 20 नवंबर की शाम तक कमजोर होकर निम्न दबाव के चिह्नित क्षेत्र में बदल चुका था, लेकिन इसके प्रभाव से मौसम में बदलाव जारी है। 23 नवंबर से मौसम में सुधार के आसार हैं।
• कटी फसल भीगने से गुणवत्ता और कीमत प्रभावित होने की आशंका
जिले के तमाम इलाकों में धान की फसल अभी खेतों में खड़ी है, जबकि बड़ी संख्या में किसानों ने फसल काटकर खेतों में रखी है या खलिहानों तक पहुंचाई है। ऐसे में बारिश से कटी फसल भीगने पर दानों में नमी बढ़ने, रंग खराब होने, फफूंद लगने और अंकुरित होने का खतरा है। वहीं खेतों में जलभराव से कटाई-मड़ाई बाधित हो सकती है तथा पौधों के गिरने और बालियों के भीगने की आशंका बढ़ गई है। कटाई में देरी होने से किसानों को अतिरिक्त मजदूरी और फसल सुरक्षित रखने का खर्च भी उठाना पड़ सकता है। बारिश थमने के बाद ही वास्तविक नुकसान का आकलन हो सकेगा। फिलहाल किसानों के सामने कटी फसल को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने, खलिहानों में रखे अनाज को ढकने और खेतों से अतिरिक्त पानी की निकासी करने की चुनौती है। बेमौसम बारिश ने किसानों की महीनों की मेहनत और उनकी कमाई पर अनिश्चितता के बादल खड़े कर दिए हैं।
शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट







