बभनी(सोनभद्र)। ब्लाक संसाधन केंद्र पर शनिवार को नवागत खंड शिक्षा अधिकारी विजय प्रकाश यादव का शिक्षक संगठनों की ओर से स्वागत किया गया। आदर्श शिक्षक/शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन की ब्लाक इकाई के नेतृत्व में आयोजित समारोह में शिक्षकों ने माल्यार्पण कर अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट किया। इससे पूर्व खंड शिक्षा अधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय डूभा का निरीक्षण किया। स्वागत समारोह में प्राथमिक शिक्षक संघ, उच्च प्राथमिक शिक्षक संघ और शैक्षिक महासंघ के पदाधिकारियों ने भी उनका अभिनंदन किया।
नवागत खंड शिक्षा अधिकारी विजय प्रकाश यादव ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
• शासन के निर्देशों के पालन पर दिया जोर
नवागत बीईओ ने कहा कि शिक्षण कार्य मानक के अनुरूप, सुचारू और समयबद्ध तरीके से संचालित कराया जाएगा। उन्होंने शासन के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के साथ शिक्षकों से पुनरीक्षण कार्यक्रम और स्व-जनगणना में सक्रिय योगदान देने की अपील की। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष सैयद अफजल अहमद, ब्लाक अध्यक्ष रविन्द्र नारायण पाण्डेय, सुजीत पांडेय, रामचन्द्र, शकीर अख्तर, प्रवीण कुमार सिंह, मोहम्मद आरिफ, शिवकुमार गुप्ता, पुष्पेन्द्र विमल सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।
अजीत पाण्डेय संवाददाता







