शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
मिर्जापुर(मड़िहान)। मड़िहान थाना क्षेत्र के देवरी कला स्थित निर्माणाधीन विंध्य विश्वविद्यालय के पास जंगल में एक महिला मजदूर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान सोनभद्र जनपद के घोरावल क्षेत्र के भैंसवार गांव निवासी तेतरा देवी (45) पत्नी रामपति के रूप में की। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के पति और अन्य परिजन मौके पर पहुंच गए, जिन्होंने शव की पहचान की। बताया गया कि तेतरा देवी देवरी कला स्थित निर्माणाधीन विश्वविद्यालय में ठेकेदार के साथ मजदूरी का काम कर रही थी।
परिजनों के अनुसार तेतरा देवी प्रतिदिन शाम करीब पांच बजे तक घर लौट आती थी और बीते करीब पंद्रह दिनों से देवरी में काम कर रही थी। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की। मड़िहान थाना प्रभारी बालमुकुंद मिश्रा ने बताया कि देवरी गांव के जंगल में महिला का शव मिला है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।