अजीत पाण्डेय संवाददाता
सोनभद्र(बभनी)। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बभनी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुखबिर की सूचना पर चकबगदरिसानी तिराहे के पास घेराबंदी की गई, जहां कुछ लोग गोवंशों को निर्दयतापूर्वक जंगल के रास्ते ले जा रहे थे। पुलिस को देखते ही बाइक सवार दो व्यक्ति मोटरसाइकिल छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे। इस दौरान वे 02 बैल, 01 गाय और 01 बछिया को लाठियों से पीटते हुए हांक रहे थे। पुलिस ने पीछा कर एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बाबूलाल अगरिया (51 वर्ष) निवासी ग्राम चकबगदरिसानी के रूप में हुई है। मौके से 04 गोवंश तथा तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दिन्नू प्रसाद यादव, उप निरीक्षक शिवमूरत यादव, हेड कांस्टेबल प्रदीप सिंह तथा हेड कांस्टेबल रामआशीष यादव शामिल रहे।