राजेश तिवारी की रिपोर्ट
सोनभद्र(कोन)। विकासखंड कोन अंतर्गत बीपैक्स (सहकारी समिति) कचनरवा में धान खरीद को लेकर किसानों ने अनियमितता और मनमानी के आरोप लगाए हैं। किसानों संजय, विनोद सहित अन्य का कहना है कि स्थानीय किसानों के बजाय अन्य क्षेत्रों के किसानों का धान खरीदा गया तथा तौल के नाम पर प्रति किलो 1 से 2 रुपये लेकर 10 से 12 प्रतिशत तक कटौती की गई। किसानों का आरोप है कि शासनादेश के विपरीत ढलता या अन्य कारण बताकर प्रति कुंतल कटौती की गई है। साथ ही यह भी सवाल उठाया गया कि जब समिति में सचिव नियुक्त है तो अन्य बीपैक्स के सचिव को केंद्र प्रभारी क्यों बनाया गया। समिति अध्यक्ष संतोष जायसवाल ने कहा कि उन्हें केंद्र प्रभारी नियुक्ति की पूर्व सूचना नहीं दी गई और किसानों से ही जानकारी मिली।
मामले में किसान नेता जोखन प्रसाद ने खरीदे गए किसानों की सूची सार्वजनिक कर सत्यापन कराने तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि लक्ष्य पूर्ण दिखाकर 28 फरवरी से पूर्व ही खरीद बंद कर दी गई, जिससे किसानों के सामने धान बेचने की समस्या खड़ी हो गई है। इस संबंध में एडीसीओ अवधेश सिंह ने कहा कि किसी प्रकार की कटौती का कोई शासनादेश नहीं है और यदि कहीं वसूली या अनियमितता पाई जाती है तो जांच कर दोषी केंद्र प्रभारियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासनिक जांच के बाद ही पूरे प्रकरण की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।