वीरेंद्र कुमार संवाददाता
सोनभद्र(विंढमगंज)। विकास खण्ड दुद्धी अंतर्गत ग्राम पंचायत बुटबेढ़वा स्थित कम्पोजिट विद्यालय में एक दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के छात्र प्रतिनिधि प्रधान मंत्री कार्तिक कुमार और खेल मंत्री ज्योति यादव ने संयुक्त रूप से माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पूजन कर किया। इसके बाद दोनों ने हरी झंडी दिखाकर तथा फीता काटकर प्रतियोगिता की शुरुआत की। समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
प्रतियोगिता में 100 मीटर दौड़ (प्राथमिक वर्ग) में शिवांगी, शिवानी, प्रिया, हिना, राशि, शहादत, शाहिद, अंशु और पियूष ने अपने-अपने वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि उच्च प्राथमिक वर्ग में जोया, संजना, लक्ष्मी, बबलू शर्मा, आयुष और अभय अव्वल रहे। लंबी कूद में बबलू शर्मा, प्रतीक, अभय तथा बालिका वर्ग में जोया, संजना और लक्ष्मी ने बाजी मारी। कबड्डी, खो-खो एवं बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक राजकमल यादव ने कहा कि अच्छी शिक्षा के साथ-साथ खेलों को बढ़ावा देना आवश्यक है, क्योंकि खेल शारीरिक व मानसिक विकास के साथ भाईचारे की भावना को भी मजबूत करते हैं। कार्यक्रम का संचालन शालिनी कुमारी एवं वरिष्ठ शिक्षिका अंजूरानी ने किया।