SVG इण्डिया न्यूज रूम
सोनभद्र। जनपद के रेणुकूट नगर क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के पास झंडा लगाते समय एक युवक 11 हजार केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगते ही युवक गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को तुरंत अस्पताल भिजवाया। बिजली विभाग का कहना है कि सप्लाई तत्काल ट्रिप हो गई, जिससे युवक की जान बच सकी। फिलहाल प्राथमिक इलाज के बाद युवक को वाराणसी रेफर कर दिया गया है। घटना पिपरी थाना क्षेत्र के रेणुकूट नगर की है, जहां रेलवे स्टेशन के समीप झंडा लगाने के दौरान युवक ऊपर से गुजर रही 11000 केवी बिजली सप्लाई के संपर्क में आ गया। करंट लगते ही युवक जमीन पर गिर पड़ा और इलाके में हड़कंप मच गया। बिजली विभाग के जेई संदीप सिंह के मुताबिक लाइन तुरंत ट्रिप हो गई, जिससे युवक की जान बच गई। घायल युवक की पहचान शुभम कनोजिया, पुत्र विनोद कनोजिया, उम्र करीब 24 वर्ष, निवासी शिवा पार्क के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से युवक को तत्काल हिंडाल्को इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम के झंडा लगाया जा रहा था, इसी लापरवाही में बड़ा हादसा हो गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।