SVG इण्डिया न्यूज रूम
सोनभद्र(घोरावल)। विधानसभा घोरावल में 68 हजार मतदाताओं की मैपिंग में डिस्क्रिपेंसी पाए जाने के बाद सत्यापन कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इस संबंध में बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर जांच की जाएगी, जिनकी सहायता के लिए एक-एक शिक्षक भी तैनात किया गया है। पूरा सत्यापन कार्य ऑनलाइन ऐप के माध्यम से संपन्न होगा। मतदाता को स्वयं अथवा अपने परिवार के किसी सदस्य को बीएलओ के समक्ष उपस्थित करना होगा। नोटिस की प्राप्ति घर का कोई भी सदस्य कर सकता है, जिसकी फोटो लेकर ऐप पर अपलोड की जाएगी।
सत्यापन के दौरान मतदाता को उस व्यक्ति से संबंध दर्शाने वाला अभिलेख प्रस्तुत करना होगा, जिसके साथ उसकी मैपिंग की गई है। बीएलओ द्वारा 2003 की निर्वाचन सूची का साक्ष्य, संबंध प्रमाण एवं अपना प्रमाण पत्र अपलोड किया जाएगा, साथ ही मतदाता या उसके प्रतिनिधि के हस्ताक्षर और बीएलओ के साथ फोटो भी अपलोड की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया है और सभी मतदाताओं से सहयोग की अपेक्षा है। जो बीएलओ इस कार्य में अनुपस्थित पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध जनप्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की धारा 32 के तहत कार्रवाई की जाएगी।