SVG इण्डिया न्यूज रूम
सोनभद्र। पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है, जहां शक्तिनगर थाना पुलिस ने अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चोरी की कार के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी दूसरे राज्यों से आकर इलाके में चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पूछताछ में न सिर्फ मौजूदा चोरी की घटना का खुलासा हुआ, बल्कि आरोपियों ने पहले भी चोरी और जेल जाने की बात कबूल की है।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोर गिरोह की कमर टूटती नजर आ रही है। मामला शक्तिनगर थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खोखरी पुलिया रेलवे साइडिंग के पास संदिग्ध वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पांच आरोपियों को दबोच लिया। इनके कब्जे से चोरी की टाटा इंडिका कार MP66C1609 बरामद की गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अलग-अलग जगह घूमकर काम की तलाश करते हैं और मौका मिलते ही चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। इस बार आरोपी बैढ़न से शक्तिनगर पहुंचे थे और साधन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान शक्तिनगर बस स्टैंड के पास एक वर्कशॉप के बाहर खड़ी कार पर नजर पड़ी और अपने पास रखी चाभी से कार का दरवाजा खोलकर उसे स्टार्ट कर फरार हो गए।
इसके बाद आरोपी उसी चोरी की कार से अनपरा की ओर भाग निकले, लेकिन रास्ते में तेल खत्म होने की स्थिति बनने पर पुलिस से बचने के लिए कार को एकांत स्थान पर ले जाकर छिपा दिया। दिनभर अगली चोरी की योजना बना रहे थे, तभी पुलिस ने दबिश देकर सभी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में चार नामजद और एक अन्य शामिल है। सभी के खिलाफ बीएनएस की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह ने जिले और आसपास के इलाकों में कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस का दावा है कि आगे की पूछताछ में और बड़े खुलासे संभव हैं।