रघुराज सिंह संवाददाता
सोनभद्र(बीजपुर)। CBSE बोर्ड की हाईस्कूल गणित परीक्षा मंगलवार को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। पहले दिन गणित का प्रश्नपत्र होने के कारण परीक्षार्थियों ने पूरी तैयारी के साथ परीक्षा में प्रतिभाग किया। परीक्षा के बाद छात्रों के बीच प्रश्नपत्र को लेकर चर्चा होती रही, जिसमें कई विद्यार्थियों ने पेपर को अपेक्षाकृत कठिन बताया। कुछ छात्रों ने कहा कि कुछ प्रश्न काफी कठिन लगे, जिससे अपेक्षित अंकों को लेकर थोड़ी चिंता बनी हुई है।
परीक्षा व्यवस्था पर प्रशासन संतुष्ट
NTPC रिहंद आवासीय परिसर में दो परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। केंद्रीय विद्यालय एनटीपीसी रिहंद में डीएवी पब्लिक स्कूल व संत जोसेफ विद्यालय के कुल 125 परीक्षार्थियों का केंद्र निर्धारित था, जहां सभी छात्र उपस्थित रहे। वहीं केंद्रीय विद्यालय के 63 परीक्षार्थियों का केंद्र डीएवी पब्लिक स्कूल एनटीपीसी रिहंद नगर में बनाया गया था, जहां भी शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर विद्यालय प्रशासन ने संतोष व्यक्त किया।