वीरेंद्र कुमार संवाददाता
सोनभद्र(विंढमगंज)। मुख्य मार्ग एनएच-39 से मुडिसेमर को जाने वाली प्रधानमंत्री सड़क पर चल रहे सीसी रोड निर्माण कार्य में ग्रामीणों ने गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। ग्रामीण ओम प्रकाश के अनुसार निर्माण कार्य मानकों के विपरीत किया जा रहा है, जिससे सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। उनका कहना है कि सीमेंट, गिट्टी और बालू का उपयोग निर्धारित मानक के अनुरूप नहीं हो रहा है तथा कार्य लापरवाहीपूर्ण और मनमाने ढंग से कराया जा रहा है। राजेश कुमार ने आरोप लगाया कि ठेकेदार द्वारा अधिकांश निर्माण कार्य रात में कराया जा रहा है, जिससे घटिया निर्माण की जानकारी सार्वजनिक न हो सके। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि इस प्रकार बनी सड़क जल्द ही क्षतिग्रस्त हो सकती है।
ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता की किसी स्तर पर जांच नहीं हो रही है और संबंधित विभाग के अधिकारी निरीक्षण के लिए मौके पर नहीं पहुंच रहे हैं। इससे ग्रामीणों में मिलीभगत की आशंका गहराती जा रही है। उनका आरोप है कि कार्य में सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों और दैनिक आवागमन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए घटिया निर्माण से क्षेत्रवासियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ सकती है। उन्होंने निर्माण कार्य को तत्काल रोककर निष्पक्ष जांच कराने और मानक के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण सीसी रोड निर्माण कराने की मांग की है, अन्यथा आंदोलन की चेतावनी दी है।