अजीत पाण्डेय संवाददाता
बभनी(सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के बभनी–अंबिकापुर मार्ग पर गुरुवार सुबह नवाटोला मोड़ के समीप एक ट्रेलर की टक्कर से टीवीएस मोपेड सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को ग्रामीणों की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
• जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, ट्रेलर चालक पर कार्रवाई की तैयारी
जानकारी के अनुसार नवाटोला पोखरा निवासी 45 वर्षीय रामनाथ पुत्र मोहरशाय सोलर पंप के लिए मिस्त्री लेने आसनडीह जा रहे थे। कट रोड से मुख्य मार्ग पर चढ़ते समय अंबिकापुर की ओर से आ रहे ट्रेलर ने उन्हें टक्कर मार दी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और तत्काल 112 पर सूचना दी गई। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।