वीरेंद्र कुमार संवाददाता
विंढमगंज(सोनभद्र)। विकासखंड दूध्दी अंतर्गत ग्राम पंचायत मुडिसेमर में मालिया नदी किनारे स्थित प्राचीन शिव मंदिर परिसर में आयोजित नौ दिवसीय श्री विष्णु महायज्ञ के अवसर पर वृंदावन से आई रासलीला मंडली ने बीती रात कृष्ण–सुदामा प्रसंग का सजीव मंचन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण और राधा की आकर्षक झांकी के साथ हुई, जिसकी आरती यज्ञाचार्य वेद मोहनदास ब्रह्मचारी ने उतारकर लीला का शुभारंभ कराया।
• नि:स्वार्थ मित्रता का संदेश, देर रात तक गूंजते रहे जयघोष
मंचन के दौरान कलाकारों ने सुदामा और श्रीकृष्ण की मित्रता को मार्मिक ढंग से दर्शाया, जिसमें द्वारका पहुंचने पर भगवान का सुदामा को स्नेहपूर्वक गले लगाना और उनके चरण पखारना दर्शकों को भावविभोर कर गया। सुदामा द्वारा लाए गए चावल की पोटली को प्रेमपूर्वक स्वीकार करने का दृश्य विशेष आकर्षण रहा। कार्यक्रम स्थल पर “राधेश्याम की जय” और “बंसी वाले कृष्ण की जय” के उद्घोष लगातार गूंजते रहे। आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में समिति पदाधिकारियों व स्थानीय पुलिस का सहयोग रहा।