शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
सोनभद्र। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दुरूह क्षेत्रों में महिलाओं को होम डिलीवरी से होने वाले जोखिमों के प्रति जागरूक किया जाए तथा मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं को भी गांवों में जागरूकता अभियान से जोड़ा जाए। टीबी उन्मूलन की समीक्षा के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि जनपद की 250 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया जा चुका है, जबकि शेष ग्रामों में अभियान जारी है। राज्यपाल ने टीबी मरीजों को नियमित पोषण व समुचित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
• आंगनबाड़ी, नल से जल योजना व स्वयं सहायता समूहों की भूमिका पर विशेष जोर
बैठक में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की समीक्षा करते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों पर गर्म भोजन और मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। तीन वर्ष से अधिक आयु के बच्चों का सर्वे कर उन्हें आंगनबाड़ी तथा छह वर्ष से अधिक आयु के बच्चों को प्राथमिक विद्यालयों में प्रवेश दिलाने पर बल दिया गया। नमामि गंगे के अंतर्गत हर घर नल से जल योजना की समीक्षा में पेयजल की नियमित गुणवत्ता जांच और औद्योगिक क्षेत्रों के अपशिष्ट जल की निगरानी के निर्देश दिए गए। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को राशन दुकानों के आवंटन और ग्रीन आर्मी को समूहों से जोड़ने की बात भी कही गई। बैठक में जिलाधिकारी बीएन सिंह ने आश्वस्त किया कि दिए गए निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।