शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
सोनभद्र(घोरावल)। कोतवाली क्षेत्र के जोगिनी गांव की लोढ़ूटा बस्ती में बिजली लाइन दुरुस्त करते समय संविदा लाइनमैन संतोष गंभीर रूप से झुलस गए। बताया गया कि वह बिसहार गांव के रहने वाले हैं और घोरावल उपखंड के बिसरेखी फीडर पर तैनात हैं। बताया जा रहा है कि लाइन की मरम्मत के लिए शटडाउन लिया गया था और संतोष खंभे पर चढ़कर कार्य कर रहे थे, तभी अचानक सप्लाई बहाल हो गई और वे हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गए।
ग्रामीणों व कर्मचारियों ने उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्मा पहुंचाया।प्राथमिक उपचार के दौरान उनकी हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने बीएचयू ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। इस हादसे के बाद विद्युत कर्मियों में आक्रोश है। वहीं विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों ने शिकायत मिलने पर कहा है कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है और जो भी कर्मचारी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।