SVG इण्डिया न्यूज रूम
करमा(सोनभद्र)। केकराही क्षेत्र के करमा थाना अंतर्गत ग्राम जोगनी लोढ़ौता में गुरुवार शाम लगभग 6:30 से 7:00 बजे के बीच काशी चौहान के घर के पास लगे ट्रांसफार्मर पर कार्य के दौरान एक संविदा विद्युत कर्मी की झुलसकर मौत हो गई। जानकारी के अनुसार संविदा विद्युत कर्मी संतोष पुत्र चिंता धरिकार (40) निवासी बिसहार अपने साथियों डमरू व राजेश के साथ ट्रांसफार्मर चढ़ाने का कार्य कर रहे थे। आरोप लगाया गया कि इसी दौरान अचानक विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई, जिससे पोल पर चढ़े संतोष गंभीर रूप से झुलस गए। साथियों व ग्रामीणों की मदद से उन्हें एंबुलेंस द्वारा जिला चिकित्सालय लोढ़ी रॉबर्ट्सगंज ले जाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर ट्रॉमा सेंटर, वाराणसी रेफर किया गया। देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया।
सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल, जांच के आदेश
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि यदि विभाग सतर्क रहता तो संविदा कर्मी की जान बच सकती थी। जानकारों का कहना है कि कई बार विद्युत कर्मियों से बिना मानक सुरक्षा उपकरण और सेफ्टी बेल्ट के कार्य कराया जाता है। इस संबंध में एसडीओ घोरावल कृष्णनंदन ने दूरभाष पर बताया कि मामले की जानकारी है और यह जांच कराई जा रही है कि विद्युत आपूर्ति किसके द्वारा बहाल की गई। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी तथा मृतक आश्रित परिवार को विभाग की ओर से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।