अजीत पाण्डेय संवाददाता
बभनी(सोनभद्र)। ब्लॉक संसाधन केंद्र पर शनिवार को शिक्षक, ग्राम प्रधान और प्रधानाध्यापकों की ब्लॉक स्तरीय संगोष्ठी एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं और प्रक्रियाओं के प्रति जनप्रतिनिधियों व शिक्षकों को जागरूक करना बताया गया। मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान प्रतिनिधि नन्द कुमार खरवार ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। खंड शिक्षा अधिकारी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए ग्राम प्रधानों व एसएमसी अध्यक्षों से सरकारी विद्यालयों में नामांकन और छात्र उपस्थिति बढ़ाने का आह्वान किया तथा शिक्षा को सामाजिक उत्थान का प्रमुख माध्यम बताया।
डीबीटी, निपुण भारत और ऑपरेशन कायाकल्प पर विस्तार से चर्चा
कार्यक्रम में प्रभारी प्रधानाध्यापक कृष्ण कुमार सिंह ने बताया कि कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से यूनिफॉर्म, जूता-मोजा, स्वेटर, बैग और स्टेशनरी के लिए 1200 रुपये भेजे जाने की व्यवस्था है, जिससे पारदर्शिता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। वक्ताओं ने ऑपरेशन कायाकल्प के 19 बिंदुओं, निपुण भारत मिशन, एसएमसी की भूमिका, आउट ऑफ स्कूल बच्चों, दिव्यांग और बालिका शिक्षा सहित विभिन्न योजनाओं पर जानकारी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ शिक्षक शाद नैयर व श्यामलाल ने की तथा संचालन सचिन ने किया। कई ग्राम प्रधान, शिक्षक और शिक्षा विभाग से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे।