सौरभ की रिपोर्ट
अनपरा(सोनभद्र)। आगामी होली और रमजान माह को देखते हुए शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से थाना अनपरा पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
• मोटर वाहन अधिनियम के तहत की गई कार्रवाई, अभियान रहेगा जारी
पुलिस के अनुसार तीन सवारी बैठाने, बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने, तेज रफ्तार और सार्वजनिक स्थानों पर स्टंटबाजी करने वाले लगभग एक दर्जन मोटरसाइकिलों को मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत सीज किया गया। संबंधित चालकों के विरुद्ध नियमानुसार चालान एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने अपील की है कि त्योहारों के दौरान यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट का प्रयोग करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें। अभियान आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।