SVG इण्डिया न्यूज रूम
मिर्जापुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय की जांच में पापुलर हॉस्पिटल में गंभीर अनियमितताएं सीधे तौर पर दर्ज की गई हैं। 28 जनवरी को हुई संयुक्त जांच में पाया गया कि अस्पताल पैनल में दर्शाए गए 16 चिकित्सकों के बजाय मौके पर केवल 5 चिकित्सक मौजूद थे, जबकि 60 नर्सिंग स्टाफ के सापेक्ष महज 6 कर्मी उपस्थित मिले। अल्ट्रासाउंड सेंटर के संचालन में आवश्यक मानकों का पालन नहीं किया गया और मशीन रेडियोलॉजिस्ट की अनुपस्थिति में चलती पाई गई, जो पीसीपीएनडीटी एक्ट का स्पष्ट उल्लंघन है।
• रजिस्ट्रेशन में गड़बड़ी और फर्जीवाड़े के संकेत, सख्त कार्रवाई की चेतावनी
जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि डायग्नोस्टिक सेंटर के नाम और एईआरबी एनओसी से जुड़ी स्थिति में गंभीर विसंगतियां हैं तथा संबंधित सेंटर विधिवत पंजीकृत नहीं पाया गया। चिकित्सा अभिलेखों के अवलोकन में दस्तावेज अपूर्ण और त्रुटिपूर्ण मिले। सीएमओ कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर अस्पताल के खिलाफ कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी, जिससे पूरे स्वास्थ्य महकमे में हलचल तेज हो गई है।