मनीष कुमार संवाददाता
दुद्धी(सोनभद्र)। सोनभद्र के दुद्धी कोतवाली क्षेत्र में जंगल के बीच एक अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई है।धनौरा बघबियानी जंगल मार्ग किनारे झाड़ियों में पड़े शव की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।शव के पास पेट्रोल पंप की एक पर्ची भी मिली है, जिसे अहम सुराग माना जा रहा है।फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम बुलाई गई है।
मामला दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम धनौरा बघबियानी जाने वाले जंगल मार्ग का है, जहां सोमवार सुबह करीब 7 बजे चरवाहों ने झाड़ियों में एक महिला का शव पड़ा देखा।सूचना ग्राम प्रधान को दी गई, जिसके बाद पुलिस को अवगत कराया गया।मौके पर पहुंचे कोतवाल धर्मेंद्र कुमार सिंह ने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों के साथ शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका की उम्र करीब 40 वर्ष प्रतीत हो रही है।उसने गुलाबी रंग की साड़ी, नीले रंग का ब्लाउज और हल्का गुलाबी शॉल पहन रखा था।शव के पास से पेट्रोल पंप की एक पर्ची बरामद हुई है, जिसे पुलिस महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में देख रही है। पुलिस आसपास के गांवों में शव की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक महिला की पहचान नहीं हो सकी है।कोतवाल के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला जहर से मौत का प्रतीत होता है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है और पुलिस सभी पहलुओं पर जांच में जुटी है।