रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। थाना क्षेत्र में बनारसी प्रसाद पुत्र नन्दू केशरी से अज्ञात व्यक्तियों द्वारा 18 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी किए जाने का मामला सामने आया। पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई। साइबर अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक के निर्देश, क्षेत्राधिकारी दुद्धी के मार्गदर्शन और प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना बीजपुर की साइबर टीम ने एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत का अवलोकन करते हुए संबंधित फ्रॉड खाते को तत्काल होल्ड कराया।
• सक्रियता से बैंक समन्वय कर वापस कराई पूरी रकम
साइबर टीम ने आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर संबंधित बैंक शाखा से ईमेल के माध्यम से समन्वय स्थापित किया, जिसके बाद 18 हजार रुपये की पूरी धनराशि पीड़ित के मूल खाते में सफलतापूर्वक वापस करा दी गई। कार्रवाई में उ0नि0 कमलाकान्त पाण्डेय और साइबर हेल्प डेस्क के का0 सरोज अमितकुमार श्रीकृष्ण शामिल रहे। प्रभारी निरीक्षक ने आमजन से अपील की है कि किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर त्वरित सहायता प्राप्त करें।