मनीष कुमार संवाददाता
दुद्धी(सोनभद्र)। कस्बे व आसपास के क्षेत्रों में होली का पर्व उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में शाम चार बजे कस्बे में गाजे-बाजे के साथ हुड़दंग भरी होली बारात निकाली गई। वार्ड नंबर 5 से शुरू हुई यह शोभायात्रा प्रमुख मार्गों से होते हुए संकट मोचन मंदिर मार्ग और मां काली मंदिर तिराहा होकर पुनः संकट मोचन मंदिर पहुंची। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे लोग ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमते नजर आए और अबीर-गुलाल उड़ाकर एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं।
• अनोखे अंदाज में सजी बारात, सुरक्षा व्यवस्था रही मुस्तैद
जुलूस में भगवान शिव की भव्य झांकी आस्था का केंद्र बनी रही, वहीं कबाड़ कुकर, गाड़ी की सीट और अन्य प्रतीकात्मक सजावट के साथ गधे पर सवार दूल्हे की प्रस्तुति ने लोगों का ध्यान खींचा। आयोजन के दौरान प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे। कार्यक्रम में सुमित सोनी, गोपाल अग्रहरि, पंकज अग्रहरि, भोला सोनी समेत बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए।