शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
राबर्ट्सगंज(सोनभद्र)। विकास भवन प्रांगण में विंध्याचल मंडल मीरजापुर के मण्डलायुक्त राजेश प्रकाश ने फीता काटकर ‘सोन प्रेरणा कैफे’ का शुभारंभ किया। इस मौके पर जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, संयुक्त विकास आयुक्त विंध्याचल मंडल मीरजापुर रमेश चन्द्र सहित अन्य अधिकारी और स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं उपस्थित रहीं। इस दौरान डीसी एनआरएलएम सरिता सिंह ने बताया कि कैफे का संचालन उजाला प्रेरणा महिला संगठन, सेमर (राबर्ट्सगंज) द्वारा किया जाएगा।
• मिलेट्स फूड और महिला समूहों के उत्पाद होंगे उपलब्ध
बताया गया कि आजीविका मिशन के आर्थिक सहयोग से लगभग 1700 वर्ग फुट क्षेत्र में इस कैफे का निर्माण कराया गया है। यहां महिला समूहों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न प्रकार के व्यंजन और उत्पाद उपलब्ध रहेंगे। कैफे में मक्के की रोटी, सरसों का साग, सम की रोटी, पौधों से बने बिस्किट तथा अन्य मिलेट्स फूड के साथ-साथ अचार, पापड़, चिप्स, बड़ी और मसालों सहित कई घरेलू उत्पाद भी बिक्री के लिए रखे जाएंगे, जिससे महिला समूहों की आजीविका को बढ़ावा मिलेगा।