अजीत पाण्डेय संवाददाता
बभनी(सोनभद्र)। अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच बभनी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के मामले में सजायाफ्ता और गैंगेस्टर एक्ट में वांछित चल रहा बाबूलाल (60 वर्ष), निवासी ग्राम कुशकर थाना सनावल जनपद सरगुजा (छत्तीसगढ़), पिछले 4 वर्षों से गिरफ्तारी से बचता फिर रहा था। आरोप है कि वह 22 अगस्त 2022 से फरार था और लगातार पुलिस से बचने के लिए ठिकाने बदल रहा था, लेकिन आखिरकार पुलिस ने उसे उसके पैतृक गांव से पकड़ लिया।
• छापेमारी में दबोचा गया आरोपी, कई पुलिसकर्मी रहे शामिल
मुखबिर की सूचना पर बभनी पुलिस ने छत्तीसगढ़ के कुशकर गांव में रात के समय दबिश दी, जहां से आरोपी को गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक दिन्नू प्रसाद यादव, उप-निरीक्षक तेज बहादुर सिंह, हेड कांस्टेबल दिनेश राम, हेड कांस्टेबल मो० सलीम खान और आरक्षी आशीष कुमार शामिल रहे। गिरफ्तार आरोपी को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर न्यायालय में पेश करने के लिए भेज दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अपराधियों के बीच दहशत का माहौल बताया जा रहा है।