सौरभ की रिपोर्ट
पिपरी(सोनभद्र)। रेणुकूट स्थित गांधी मैदान के समीप उस समय अफरा-तफरी मच गई जब किन्नरों के दो गुटों के बीच विवाद ने उग्र रूप ले लिया। आरोप है कि एरिया बंटवारे के बावजूद दूसरे गुट द्वारा बधाई लेने को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हंगामे में बदल गई। एक गुट वाहनों पर चढ़कर हंगामा करता रहा, जबकि दूसरा गुट पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाता रहा। इस दौरान बाजार में मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया।
• घंटों जाम रहा मुख्य मार्ग, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कराया शांत
हंगामे के चलते मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे राहगीर और वाहन चालक जाम में फंसे रहे। बाजार में मौजूद महिलाएं और बच्चे भी इस स्थिति से परेशान होते दिखे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद दोनों गुटों को चौकी ले जाकर समझौता कराया गया और दोबारा इस तरह की हरकत न करने की सख्त चेतावनी दी गई।