शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
घोरावल(सोनभद्र)। जिले की चारों तहसीलों में मई माह के तृतीय शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। घोरावल तहसील में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं। इस दौरान भूमि विवाद से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान देते हुए संबंधित अधिकारियों को स्थलीय जांच कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ताओं से फीडबैक भी लिया जाए ताकि किसी प्रकार की समस्या शेष न रहे और मामलों का समयबद्ध समाधान हो सके।
• चारों तहसीलों में 439 शिकायतें पहुंचीं, 43 मामलों का हुआ निस्तारण
घोरावल तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 183 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 9 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया जबकि 6 मामलों में टीम को क्षेत्र में भेजकर कार्रवाई कराई गई। इस प्रकार कुल 15 मामलों का समाधान किया गया और शेष 168 प्रकरणों को समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी आशीष कुमार त्रिपाठी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। वहीं जिले की चारों तहसीलों में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 439 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 43 शिकायतों का निस्तारण मौके पर अथवा टीम भेजकर कराया गया।