मनीष कुमार संवाददाता
दुद्धी(सोनभद्र)। ईदुल अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने को लेकर महिला थाना परिसर में पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश राय की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज के संभ्रांत लोगों ने हिस्सा लेकर त्योहार से जुड़ी व्यवस्थाओं और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की। इस दौरान ईदगाह मक्तब जब्बारियां में सुबह 7:30 बजे और रजा जामा मस्जिद में सुबह 8 बजे नमाज अदा किए जाने की जानकारी दी गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी ने स्पष्ट कहा कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी नहीं होने दी जाएगी और कुर्बानी के बाद अवशेषों को नगर पंचायत द्वारा निर्धारित स्थान पर गड्ढे में दफन कराया जाएगा।
• जाम की समस्या रोकने को बनी विशेष योजना
बैठक में अमवार तिराहा, संकट मोचन मंदिर और म्योरपुर तिराहा पर लगने वाले जाम को लेकर भी गहन चर्चा हुई। तय किया गया कि टेंपो और बसों का ठहराव मुख्य स्थानों से 100-100 मीटर दूरी पर कराया जाएगा, ताकि यातायात प्रभावित न हो। बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, फत्तेह मोहम्मद खान, कलीमुल्ला खान, कन्हैया लाल अग्रहरि, राजकुमार अग्रहरि, दीपक शाह, पंकज जायसवाल, सुरेंद्र जायसवाल, सुमित सोनी, जगत नारायण प्रधान, कमलेश अग्रहरि और मनीष जायसवाल सहित कई लोग मौजूद रहे। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दुद्धी कोतवाली के एसएसआई संजय सिंह और दीवान सर्वेश सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी भी तैनात रहे।