सौरभ की रिपोर्ट
सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विजयगढ़ दुर्ग स्थित रामसरोवर एवं आसपास के क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई जा रही हैं। जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा रामसरोवर परिसर के आसपास साफ-सफाई, चेंजिंग रूम एवं विद्युतीकरण सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं कराई गई हैं। वहीं अपर मुख्य जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा दुर्ग के पीछे के मार्ग पर भी विद्युतीकरण कराया गया है, जिससे श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों को आवागमन के दौरान पर्याप्त प्रकाश मिल सके।
• जल लेकर शिवद्वार धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष जोर
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि रामसरोवर से जल लेकर शिवद्वार धाम जाने वाले श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए मार्ग, प्रकाश, साफ-सफाई एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखते हुए व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए निर्धारित स्थलों पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने दायित्वों का जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं।