मनीष कुमार संवाददाता
दुद्धी(सोनभद्र)। फिरोजाबाद जिले के पतारा दलेलपुर निवासी 31 वर्षीय सरिता देवी पत्नी प्रदीप भुइया की रविवार सुबह अचानक पेट में तेज दर्द उठने के बाद मौत हो गई। मृतका नौ माह की गर्भवती थी और करीब तीन महीने से अपने मायके दीघुल गांव में रह रही थी। परिजनों की सूचना पर 108 एंबुलेंस के ईएमटी विजय बहादुर मौर्या और चालक अजीत कुमार उसे निमियाडीह-टेढ़ा तिराहा से लेकर सुबह करीब नौ बजे सीएचसी दुद्धी पहुंचे, जहां चिकित्सक डॉ. विनोद सिंह ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। पिता रामरती के अनुसार सरिता तीन बेटियों में सबसे बड़ी थी और उसकी शादी करीब सात वर्ष पूर्व हुई थी। यह उसका दूसरा बच्चा था।
• पहले बच्चे की भी ऑपरेशन के दौरान हुई थी मौत, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
परिजनों के मुताबिक करीब चार वर्ष पहले सरिता के पहले बच्चे का बड़े ऑपरेशन से प्रसव हुआ था, लेकिन बच्चे की पेट में ही मौत हो गई थी। इस बार प्रसव के लिए वह तीन महीने पहले मायके आई थी। घटना के समय उसका पति प्रदीप भुइया भी सीएचसी दुद्धी में मौजूद था। अस्पताल के मेमो के जरिए घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।