Breaking News
खबरें पढ़ें
मासूम नवजात को मिला नया जीवन, सुरक्षित रेस्क्यू || रेणुका पुल पर बाइक हादसा, युवक की मौत, दूसरा गंभीर || जानलेवा हमले के तीन आरोपी गिरफ्तार || आरटीआई में देरी पर सूचना आयोग सख्त: सीएमओ कार्यालय के जन सूचना अधिकारी से मांगा जवाब || मिशन शक्ति केंद्र का शुभारंभ, महिलाओं की समस्याओं का होगा त्वरित और गोपनीय निस्तारण || नवागत खंड शिक्षा अधिकारी ने संभाला कार्यभार, महासंघ ने की शिष्टाचार भेंट || एनटीपीसी रिहंद का 52वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया, नीरज श्रीधर ने बिखेरा सुरों का जादू || AI तकनीक से पांच साल से लापता मंजू को खोजने वाले आरक्षी विजय पाण्डेय सम्मानित || सार्वजनिक स्थानों पर हंगामा करने वालों पर कार्रवाई, 40 लोगों का चालान || हरे कृष्णा संकीर्तन से भक्तिमय हुआ नगर
Friday 20th November 2026 06:03:00 PM

AI तकनीक से पांच साल से लापता मंजू को खोजने वाले आरक्षी विजय पाण्डेय सम्मानित

Blog single photo
Share on

  अजीत पाण्डेय संवाददाता

• पुलिस अधीक्षक ने प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार देकर बढ़ाया उत्साह

बभनी(सोनभद्र)। आधुनिक तकनीक अब पुलिस की जांच और विवेचना में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने लगी है। इसका अनूठा उदाहरण सोनभद्र के बभनी थाना क्षेत्र में देखने को मिला, जहां करीब पांच साल से लापता महिला की बचपन की तस्वीर के सहारे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का इस्तेमाल कर उसकी वर्तमान उम्र के अनुरूप संभावित तस्वीर तैयार की गई। इसी तस्वीर की मदद से पुलिस ने महिला की पहचान सुनिश्चित करते हुए राजस्थान के चूरू जिले से उसे सकुशल बरामद कर लिया। इस पूरे अभियान में बभनी थाने पर तैनात आरक्षी विजय पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस के अनुसार, बभनी थाना क्षेत्र के जौराही निवासी किस्मत देवी ने 14 जुलाई 2026 को अपनी पुत्री मंजू देवी खरवार (करीब 30 वर्ष) के लापता होने के संबंध में मुकदमा दर्ज कराया था। बताया गया कि करीब पांच वर्ष पहले शादी कराने की बात कहकर एक महिला उसे वाराणसी ले गई थी, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पा रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी, लेकिन परिजनों और ससुराल पक्ष से उसकी कोई वर्तमान तस्वीर उपलब्ध नहीं हो पा रही थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने संबंधित विद्यालय से संपर्क किया, जहां वर्ष 2007 में कक्षा चार में पढ़ाई के दौरान छात्रवृत्ति फार्म में लगी मंजू की बचपन की तस्वीर प्राप्त हुई। हालांकि, बचपन की तस्वीर के आधार पर करीब 30 वर्ष की महिला की पहचान करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी।


Blog single photo


• AI तकनीक से तैयार तस्वीर ने खोला पहचान का रास्ता, आरक्षी को मिला पुरस्कार

इसी दौरान बभनी थाने में तैनात आरक्षी विजय पाण्डेय ने नई तकनीक का सहारा लिया। उन्होंने मंजू की बचपन की तस्वीर के साथ उसके माता-पिता और बहन की तस्वीरों का उपयोग करते हुए ChatGPT और Google Gemini AI प्लेटफॉर्म की मदद से उसकी वर्तमान उम्र के अनुरूप संभावित तस्वीर तैयार की। इस तस्वीर को परिजनों को दिखाया गया तो उन्होंने मंजू के रूप में उसकी पहचान की पुष्टि की। इसके बाद तैयार तस्वीर और विवेचना में मिली अन्य जानकारियों के आधार पर आरक्षी विजय पाण्डेय ने पुलिस टीम के साथ राजस्थान के चूरू जिले के हमीरवास थाना क्षेत्र के गोविन्द सिंह का बास गांव पहुंचकर 16 अक्टूबर 2026 को मंजू देवी को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस के मुताबिक, मंजू वहां अपने पति उमेंद्र के साथ रह रही थी और उसके दो बच्चे भी हैं। इस अभिनव प्रयास और महिला की बरामदगी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने पर पुलिस महानिदेशक, लखनऊ की ओर से आरक्षी विजय पाण्डेय को पांच हजार रुपये नकद पुरस्कार दिया गया। वहीं, 20 नवंबर को पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा ने उन्हें प्रशस्ति पत्र और 2100 रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल के नेतृत्व में सोनभद्र पुलिसकर्मियों को ChatGPT और Google Gemini सहित आधुनिक AI प्लेटफॉर्म के उपयोग का प्रशिक्षण देने के लिए कार्यशाला भी आयोजित की गई है। इसका उद्देश्य जांच और विवेचना में तकनीक का सहायक उपकरण के रूप में उपयोग करना है। पुलिसकर्मियों को यह भी बताया गया है कि AI से प्राप्त जानकारी का उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर सत्यापन करने के बाद ही नियमानुसार विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।।



Second Advertisement
Second Advertisement
Second Advertisement

Top