बीजपुर(सोनभद्र)। एनटीपीसी रिहंद में 52वां स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सोन शक्ति स्टेडियम में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कर्मचारियों, उनके परिवारजनों एवं स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए कार्यक्रम का आनंद उठाया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि संजय आसाटी, कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख (रिहंद) तथा विशिष्ट अतिथि नीलू आसाटी, अध्यक्षा वर्तिका महिला मंडल समिति ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण सुप्रसिद्ध पार्श्व गायक नीरज श्रीधर की दमदार प्रस्तुति रही। उन्होंने अपनी मधुर आवाज में एक से बढ़कर एक लोकप्रिय गीतों की शानदार प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी ऊर्जावान प्रस्तुति से सोन शक्ति स्टेडियम का वातावरण संगीतमय एवं उल्लासपूर्ण हो उठा और दर्शक गीतों की धुन पर झूमते नजर आए।
• गौरवशाली उपलब्धियों और सामूहिक सहभागिता का बना उत्सव
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने कलाकार की प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया। सांस्कृतिक संध्या ने एनटीपीसी रिहंद की 52 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, उपलब्धियों एवं सामूहिक सहभागिता के उत्सव को विशेष आयाम प्रदान किया। समारोह ने कर्मचारियों, उनके परिवारजनों और स्थानीय समुदाय के बीच उत्साह, एकजुटता तथा आपसी सौहार्द की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया। इस भव्य आयोजन ने स्थापना दिवस की खुशियों को यादगार बना दिया।
रघुराज सिंह संवाददाता






