अजीत पाण्डेय संवाददाता
बभनी(सोनभद्र)। विकास खंड के आसनडीह गांव में रविवार को आयोजित चौपाल में प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने बिजली, खराब सड़क, जमीन विवाद समेत विभिन्न समस्याएं उठाईं। जोबेदह गांव में आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण नहीं होने की शिकायत भी सामने आई। प्रभारी मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर तत्काल और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
• जमीन विवाद और मारपीट के मामलों में कार्रवाई की मांग
चौपाल में जवाहिर खरवार ने सर्वे सेटलमेंट में गलत तरीके से नाम दर्ज कराने का आरोप लगाते हुए शिकायत की। उन्होंने बताया कि करीब दो सौ फाइलें एआरओ कोर्ट ओबरा में लंबित हैं, जिनमें करीब 50 किसानों के मामले शामिल हैं। वहीं हंसलाल कोंगा ने घर में घुसकर मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने की शिकायत की। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को दोनों मामलों की जानकारी लेकर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, जीत सिंह खरवार, शारदा सिंह खरवार, श्रवण सिंह गोंड, मानसिंह गोंड, सुषमा सिंह गोंड और मंडल अध्यक्ष लालकेश कुशवाहा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।