रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। म्योरपुर ब्लॉक के नेमना कम्पोजिट विद्यालय में प्रभारी प्रधानाध्यापक सुमन वर्मा के स्थानांतरण पर भावभीनी विदाई समारोह आयोजित किया गया। विगत दस वर्षों से विद्यालय में तन्मयता से बच्चों को शिक्षण कार्य कराने वाली सुमन वर्मा के साथ आत्मीय रूप से जुड़ चुके बच्चे विदाई के दौरान भावुक हो गए। उनका स्थानांतरण ब्लॉक के ही पूर्व माध्यमिक विद्यालय रजमीलान में हुआ है।
• बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना कर भावुक हुईं सुमन वर्मा
विदाई समारोह में नम आंखों से बच्चों को संबोधित करते हुए सुमन वर्मा ने कहा कि विद्यालय में बिताए दस वर्षों के दौरान बच्चों से मिले स्नेह और अपनत्व को वह हमेशा याद रखेंगी। उन्होंने कहा कि कार्यस्थल से आना-जाना एक प्रक्रिया है, लेकिन सभी को अपने कर्तव्य पथ पर निरंतर आगे बढ़ते रहना चाहिए। उन्होंने बच्चों को मेहनत और लगन से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। शिक्षक ज्वाला प्रसाद, सुदेश्वरी देवी और उर्मिला ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके साथ दस वर्षों का सफर और कार्य अविस्मरणीय रहेगा। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक मनोज कुमार दुबे ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षिकाएं सुमित्रा, कुसुम सिंह, मासूमा और प्रिया सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
.