मनीष कुमार संवाददाता
दुद्धी(सोनभद्र)। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर दुद्धी महिला पुलिस द्वारा व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। महिला थाना अध्यक्ष सन्तु सरोज ने महिला कांस्टेबलों के साथ दुद्धी महिला थाना परिसर में जनचौपाल आयोजित कर महिलाओं एवं बच्चों से जुड़े सामाजिक विषयों पर जानकारी दी। इस दौरान लिंगानुपात, लैंगिक समानता, बाल विवाह, महिलाओं और बच्चों के प्रति हिंसा, स्वास्थ्य और साक्षरता जैसे मुद्दों पर विस्तार से जागरूक किया गया।
• साइबर ठगी, फर्जी कॉल और सोशल मीडिया के दुरुपयोग से बचने के बताए उपाय
मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत विद्यालयों और ग्राम सभाओं में संवाद कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं एवं बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के उपाय और महिला उत्पीड़न से जुड़े कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई। साथ ही साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी लिंक, बैंकिंग धोखाधड़ी और OTP साझा न करने को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई। महिला थाना अध्यक्ष सन्तु सरोज ने कहा कि दुद्धी नगर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान चलाकर महिलाओं को लगातार जागरूक किया जा रहा है।