Breaking News
काली पट्टी बांधकर लेखपालों ने जताया विरोध, समाधान दिवस समेत राजस्व कार्यों का बहिष्कार     |     सावन-कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था     |     चीनी की जमाखोरी पर प्रशासन सख्त, स्टॉकिस्टों के प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण     |     
Share on

  वीरेंद्र कुमार संवाददाता

• कनहर सिंचाई परियोजना की जन चौपाल में किसानों ने अधिकारियों के सामने रखीं समस्याएं


विंढमगंज(सोनभद्र)। सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग उत्तर प्रदेश की कनहर सिंचाई परियोजना के तहत ग्राम पंचायत सलैयाडिह के पंचायत भवन में जन चौपाल का आयोजन किया गया। बैरियाखाड़, हरनाकछार, सलैयाडिह और बुटबेढ़वा से होकर गुजरने वाली सिंचाई नहर के लिए किसानों की जमीन लिए जाने से जुड़ी समस्याओं को लेकर आयोजित चौपाल में अधिशासी अभियंता दिलीप कुमार, अधीक्षण अभियंता एसएन पांडे और मुख्य अभियंता नीरज कुमार मौजूद रहे। किसानों प्रदीप कुमार पासवान, सुग्रीव पासवान, विनोद कुमार, सरजू भुइयां, वीरेंद्र कुमार सहित अन्य ने कहा कि छोटे काश्तकारों की जमीन नहर निर्माण में ली जा रही है, इसलिए जमीन के बदले सर्किल रेट का चार गुना मुआवजा दिया जाए अथवा जमीन के बदले जमीन उपलब्ध कराई जाए। किसानों ने स्पष्ट कहा कि मांग पूरी नहीं होने पर वे किसी भी सूरत में अपनी जमीन देने को तैयार नहीं हैं। घिवही ग्राम पंचायत के प्रधान प्रतिनिधि कृपा शंकर कुशवाहा ने बैरियाखाड़ में जमीन के हिस्से और रजिस्ट्री को लेकर अनियमितता का आरोप लगाया। वहीं हरनाकछार ग्राम प्रधान प्रतिनिधि निरंजन सोनी ने कहा कि दो माह पूर्व किसानों को सर्किल रेट का चार गुना मुआवजा दिए जाने की जानकारी दी गई थी, लेकिन अब केवल सर्किल रेट के अनुसार भुगतान की बात सामने आने से किसानों में आक्रोश है।

चौपाल में मौजूद मुख्य अभियंता नीरज कुमार ने किसानों की मांगों को जायज बताते हुए उनकी समस्याओं को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने और मांगों के समाधान का प्रयास करने का आश्वासन दिया। इस दौरान सोबरन भारती, दशई राम, सुग्रीव पासवान, विनोद, प्रदीप, सरजू भुइंया, देव कुमार, भगवान, वार्ता, अशोक, निरंजन सोनी, कृपा शंकर कुशवाहा, अवध, वीरेंद्र गुप्ता, सुमन, इस्लाम, सुरेंद्र प्रसाद, विनोद कुमार वर्मा, कृष्णानंद, नंदलाल, राहुल यादव, मुन्ना यादव, बालदेव यादव, धर्मेंद्र, सुरेश प्रसाद, प्रेम चंद्र गुप्ता सहित बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीण मौजूद रहे।





Top